रामगोपाल जेना/चाईबासा : सदर प्रखंड के नीमडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शुक्रवार को शिक्षक विकास कुमार को भावभीनी विदाई दी गई. इस अवसर पर उनकी पत्नी वंदना कुमारी भी मौजूद रहीं. विगत 18 वर्षों से पारा शिक्षक के रूप में कार्यरत विकास कुमार की सहायक आचार्य पद पर नियुक्ति हो गई है. अपने प्रिय शिक्षक को विदा करते समय स्कूल के विद्यार्थियों की आंखें नम दिखीं. मौके पर विकास कुमार ने कहा कि नीमडीह स्कूल के प्रधानाध्यापक कृष्णा देवगम एवं साथी शिक्षक शिक्षिकाओं, बच्चों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति ने उन्हें सुंदर शैक्षिक माहौल दिया, जिसके बदौलत वह अपनी बौद्धिक क्षमता कायम रखने में सफल रहे. उन्होंने कहा कि उनकी सफलता में नीमडीह मध्य विद्यालय परिवार का काफी योगदान है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रधानाध्यापक कृष्णा देवगम ने कहा कि समय का पाबंद और बच्चों को गुणवतापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का जज्बा तथा धैर्य पूर्वक आगे बढ़ने के स्वभाव ने विकास कुमार को सफलता दिलाने में काफी सहयोग किया. उन्होंने कहा कि विकास कुमार रोचक तरीके से पठन-पाठन के कारण बच्चों के बीच लोकप्रिय हैं, यही वजह है कि इनकी विदाई के क्षण में बच्चे काफी भावुक हैं. मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने विकास को नव पदस्थापित विद्यालय में भी सुचारू रूप से शैक्षिक कार्य संपन्न करते हुए अपनी लोकप्रियता बरकरार रखने की कामना की. मौके पर विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें शॉल ओढ़ाकर और बुके देकर सम्मानित किया गया. स्कूल की बच्चियों, फूलमती देवगम, नानो मुंदुइया और अल्का तांती की अगुवाई में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया और विदाई गीत गाए. अंत में, बच्चे-बच्चियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पारंपरिक आदिवासी सामूहिक विदाई नृत्य के साथ उन्हें विदा किया. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर शिक्षक शिक्षिकाओं सुशील कुमार सरदार,गंगाराम लागुरी, कल्पना गोराई,एलिस बेक,कुंती बोदरा,सुकांति गोप,विजय प्रताप,आइसीटी इंस्ट्रक्टर अंजिता सिंकू,बीएड प्रशिक्षुओं में मोनिका महतो,पुष्पा कुमारी,अल्का बोबोंगा,सुषमा कुदादा,पूर्णिमा कुमारी,दीपिका कुमारी व विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दामू बारी, वीर सिंह बारी, नागवंती कालुंडिया आदि उपस्थित रहे.



