जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह चौक स्थित एक्सिस बैंक एटीएम से रुपये निकालने के दौरान एटीएम कार्ड मशीन में फंस जाना और उसके बाद खाते से बड़ी राशि की निकासी का मामला सामने आया है. इस घटना में पीड़ित के खाते से 2 लाख 84 हजार रुपये निकल गए. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 28 दिसंबर 2025 की सुबह 9 बजकर 6 मिनट की बताई जा रही है. सुंदरनगर थाना क्षेत्र के जोंड्रागोड़ा निवासी भीम सोरेन करनडीह चौक स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे. रुपये निकालने की प्रक्रिया के दौरान अचानक उनका एटीएम कार्ड मशीन में ही फंस गया. काफी प्रयास के बावजूद जब कार्ड बाहर नहीं निकला तो वे परेशान होकर एटीएम से लौट आए और अपने घर चले गए. बताया जाता है कि घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद भीम सोरेन के मोबाइल फोन पर खाते से 2.84 लाख रुपये की निकासी का मैसेज आया. यह मैसेज देखते ही उनके होश उड़ गए. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने उस समय कोई लेन-देन नहीं किया था और एटीएम कार्ड मशीन में ही फंसा हुआ था, इसके बावजूद इतनी बड़ी रकम खाते से निकल जाना गंभीर सवाल खड़े करता है. घटना के करीब आठ दिन बाद पीड़ित भीम सोरेन ने परसुडीह थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गयी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एटीएम कार्ड मशीन में फंसने के बाद किस तरह से खाते से रुपये की निकासी हुई और इसमें किसी गिरोह या तकनीकी गड़बड़ी की भूमिका है या नहीं. इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी चिंता बढ़ गयी है. लोग एटीएम से रुपये निकालते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की बात कह रहे हैं. वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.















