जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के खरसावां थाना अंतर्गत कुदासिंगी गांव में मंगलवार को उस समय इलाके में सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पेड़ से झूलता हुआ बरामद किया गया. मृतक की पहचान असम के सोनितपुर जिला अंतर्गत हगेरी निवासी इंद्रेश्वर नाथ के 30 वर्षीय पुत्र कैलाश नाथ के रूप में हुई. शव मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया. जानकारी के अनुसार कैलाश नाथ पुणे से गुवाहाटी जाने के लिए आज़ाद हिंद एक्सप्रेस ट्रेन में सवार था. किसी कारणवश वह खरसावां में उतरा. बाद में उसका शव कुदासिंगी गांव के पास रेलवे ट्रैक से लगभग 100 फीट दूर एक पेड़ से झूलता हुआ पाया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक का पैर जमीन से सटा हुआ था, जिससे हत्या कर शव को लटकाने की आशंका जताई जा रही है.(नीचे भी पढ़े)
घटना की सूचना मिलते ही आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है. बताया जा रहा है कि गुवाहाटी जाने के दौरान राउरकेला के पास आज़ाद हिंद एक्सप्रेस में कैलाश नाथ की किसी युवक से नोकझोंक भी हुई थी, जिसे पुलिस जांच का अहम बिंदु मान रही है. फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.















