जमशेदपुर : जमशेदपुर रोटी बैंक ने गुरुवार को अपना 11वां स्थापना दिवस मनाया. इस अवसर पर साकची गोलचक्कर सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर भोग वितरण किया गया. कार्यक्रम में रोटी बैंक चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन मनोज मिश्रा ने कहा कि रोटी बैंक आज एक आंदोलन बन चुका है, जहां हर दिन दो हजार से अधिक गरीबों को भोजन प्राप्त हो रहा है. शहर की अनेक संस्थाएं एवं राजनितिक दल रोटी बैंक से प्रेरणा लेकर भोजन वितरण का अभियान चला रहे हैं. उन्होंने बताया कि रोटी बैंक आज 11 वर्ष का हो गया है. उन्होंने रोटी बैंक के 11वें स्थापना दिवस पर महिलाओं की आर्थिक तरक्की के लिए नई योजना आरम्भ करने की घोषणा की. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि शीघ्र ही रोटी बैंक महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिए “दीदी की रसोई” नाम से योजना आरम्भ करेगी, जिसमें महिलाओं को रोटी बैंक से जोड़ कर रोजगार मुहैया कराया जाएगा. “दीदी की रसोई” में अलग अलग क्षेत्रों के मशहूर पकवानों के साथ ही रोजमर्रा के नाश्ते के सभी आइटम एवं मिठाइयां उचित दर पर आम लोगों के लिए उपलब्ध कराये जाएंगे. इस योजना से जुड़कर महिलाएं रोजगार पाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर पाएंगी. उन्होंने इसके लिए इच्छुक महिलाओं से व्हाट्स अप नंबर 9470302083 पर अपनी डिटेल्ड जानकारी भेजने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि रसोई में उन्हीं महिलाओं का चयन किया जाएगा जो रसोई के कामों में निपुण हों तथा घर से बाहर निकल सकें. (नीचे भी पढ़ें)
मनोज मिश्रा ने कहा कि रोटी बैंक का 11 वर्षों का सफर काफ़ी संघर्षपूर्ण रहा है. उन्होंने रोटी बैंक की सफलता 11 वर्षों में दानदाताओं एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को इसका श्रेय देते हुए उनका आभार व्यक्त किया है. आज के कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप मे जीवन ज्योति के उपाध्यक्ष आरबी सहाय, समाज सेविका पूर्वी घोष, उपाध्यक्ष रेणु सिंह, शुभश्री दत्ता, सचिव सालावत महतो एवं अणिमा दास, किशोर वर्मा ने भी अपने विचार रखे. आज के कार्यक्रम में ऋषि गुप्ता, रश्मि सिन्हा, रीना दास, देवशीष दास, निर्मल दास, संतोष सरकार, अंजू देवी, सरोज देवी, सोमवारी, विश्वजीत शोभा देवी सहित काफ़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया.












