जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका बोड़ाम थाना अंतर्गत डिमना लेक रोड स्थित घाटी में शनिवार देर रात करीब 10:30 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान कमलपुर थाना क्षेत्र के कांकीडीह टोला हाड़ियाडीह निवासी बासुदेव टुडू के रूप में हुई है. रविवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. परिजनों के अनुसार, बासुदेव दो भाइयों में छोटा था और मजदूरी करता था. करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी हुई थी. शनिवार को वह दो रिश्तेदारों के साथ पुरानी बाइक खरीदने जमशेदपुर गया था. मनपसंद बाइक नहीं मिलने पर वह भादुडीह निवासी अजय मुर्मू और एक अन्य रिश्तेदार के साथ दो अलग-अलग बाइकों से घर लौट रहा थे.(नीचे भी पढे)
बासुदेव आगे निकल गया, जबकि दोनों रिश्तेदार पीछे थे. इसी दौरान डिमना घाटी में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद वह बाइक समेत सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा. पीछे आ रहे रिश्तेदारों को इसकी जानकारी नहीं मिली. करीब चार किलोमीटर आगे भादुडीह पहुंचने पर बासुदेव के नहीं मिलने पर वे उसकी तलाश में वापस लौटे. इस दौरान कुसुम पेड़ के पास झाड़ियों में उसे लहूलुहान अवस्था में पड़ा पाया.रास्ते से गुजर रहे पटमदा के जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो की मदद से उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. पति की मौत से नवविवाहिता पत्नी सदमे में है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं बोड़ाम पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है.












