जमशेदपुर: झारखंड स्थापना दिवस एवं लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम एवं राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा मानवता की सेवा और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों की रौशनी भरने का संकल्प एक बार फिर साकार किया गया. स्व. बीरा देवी–नारायण लाल जी धमोड़ की स्मृति में आयोजित 835वें नेत्र शिविर के दूसरे दिन रविवार को नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया गया.द्रोपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से आयोजित इस शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ. बीपी सिंह, डॉ भारती शर्मा एवं उनकी सहयोगी चिकित्सीय टीम ने राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के ऑपरेशन थियेटर में सफलतापूर्वक ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण का कार्य संपन्न किया.(नीचे भी पढ़े)

आज जब पूरा झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उल्लास और छठ महापर्व की आस्था में सराबोर है, ऐसे अवसर पर दृष्टि बाधित एवं मोतियाबिंद से पीड़ित जरूरतमंदों के जीवन में फिर से उजाला लौटाने का यह प्रयास सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का सुंदर उदाहरण बना. छठ महापर्व में सूर्य की उपासना के माध्यम से जीवन में प्रकाश, ऊर्जा और सकारात्मकता का संदेश मिलता है. इसी भावना को आत्मसात करते हुए रेड क्रॉस सोसाईटी का यह नेत्र सेवा अभियान उन जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान और जीवन में नई उम्मीद जगाने का माध्यम बन रहा है, जिनके लिए आंखों की रौशनी लौटना किसी अनमोल उपहार से कम नहीं है.(नीचे भी पढ़े)

ऑपरेशन सत्र के दौरान रेड क्रॉस के कार्यकर्ता राकेश मिश्र, राजेश मोहन प्रसाद, अशोक कुमार सिंह, पवन कुमार ओझा, आशीष कुमार एवं प्रकाशभानु महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे और शिविर के संचालन में सहयोग किया.शिविर के अंतिम दिन कल सोमवार को ऑपरेशन कराये गये नेत्र रोगियों की आंखों की पट्टी खोलकर उनकी अंतिम चिकित्सीय जांच की जायेगी. इसके पश्चात सभी लाभार्थियों को दवा एवं चश्मा प्रदान कर रौशनी के अनमोल उपहार के साथ विदा किया जायेगा.राज्य स्थापना दिवस और छठ महापर्व के इस शुभ अवसर पर यह शिविर इस संदेश को साकार कर रहा है कि उत्सव की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसकी खुशियां समाज के जरूरतमंद और वंचित लोगों तक भी पहुंचें. किसी की आंखों में लौटी रौशनी और चेहरे पर खिली मुस्कान ही मानवता की सेवा का सबसे बड़ा उत्सव है.












