जादूगोड़ा : जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को ग्रुप केन्द्र एवं रेंज, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सासपुर ( जादूगोड़ा)में महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई.इस अवसर पर ग्रुप केन्द्र एवं रेंज, सीआरपीएफ, जमशेदपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. जयदेव केसरी ने भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को भगवान बिरसा मुंडा के प्रेरणादायी जीवन, संघर्ष, अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता तथा देश और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान से अवगत कराया गया. उनके द्वारा जनजातीय समाज के अधिकारों, सम्मान, स्वाभिमान एवं सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष को विशेष रूप से स्मरण किया गया.(नीचे भी पढ़े)
भगवान बिरसा मुंडा ने अत्यंत कम आयु में अपने असाधारण नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और संघर्षशील व्यक्तित्व से जनजातीय समाज में नई चेतना एवं जागरूकता का संचार किया. उन्होंने अन्याय, शोषण और दमनकारी व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज को एकजुट होने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया. उनका जीवन त्याग, साहस, आत्मसम्मान और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है.इस अवसर पर डॉ. जयदेव केसरी ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करने तथा उनके संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन एवं उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा.कार्यक्रम का उद्देश्य महान जननायक के राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान को स्मरण करने के साथ-साथ नई पीढ़ी में उनके आदर्शों, साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है.












