जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र में मवेशी चोरी की बढ़ती घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर गिरोह का खुलासा किया है. 4 जनवरी की रात करीब 2 बजे मिर्जाडीह गांव निवासी पशुपालक जनार्दन घोष के घर से चोरों ने दो गायों की चोरी कर ली थी. इससे पहले 2 जनवरी की रात करीब 1 बजे बोड़ाम बाजार निवासी साधुचरण महतो के घर से गाय और बछड़े की चोरी हुई थी. दोनों मामलों में बोड़ाम थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने छानबीन तेज की और गिरोह तक पहुंचने में सफलता पाई. (नीचे भी पढ़ें)

थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि इस गिरोह में चार से पांच लोग शामिल हैं, जो रात के अंधेरे में मवेशियों की चोरी करते हैं. बुधवार को चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र के ताजनगर निवासी अब्दुल कादिर को गिरफ्तार किया गया. गुरुवार को उसे प्रेस के समक्ष प्रस्तुत कर मामले का खुलासा किया गया और बाद में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त टाटा इंडिगो कार (जेएच 05 एएल 6613) भी जब्त की है. मिर्जाडीह से चोरी की गई एक गाय को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है, जबकि दो गायों और एक बछड़े की बरामदगी अब तक नहीं हो सकी है. शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़ित जनार्दन घोष ने बताया कि 4 जनवरी की रात करीब तीन बजे गाड़ी की आवाज सुनकर वे बाहर निकले, तब तक वाहन दूर जा चुका था. गोहाल घर में पहुंचने पर दोनों गायें गायब थीं और बछड़े मां के बिना बंधे मिले. चोरों ने घंटी खोल दी थी ताकि आवाज न हो. दोनों गायें ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थीं. चोरी के बाद परिवार पर संकट गहरा गया है और भोजन की भी समस्या उत्पन्न हो गई है.











