रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर-रांची मुख्य मार्ग (एनएच -75ई) पर आसनतलिया राखा के पास स्कूटी सवार ने एक चलती स्कॉर्पियो में पीछे से धक्का मार दिया, जिससे स्कूटी में सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे के बताई जा रही है. सभी घायलों का चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के मुताबिक चक्रधरपुर शहर के झुमका मोहल्ला निवासी नमन माहेश्वरी, कपड़ा पट्टी निवासी छोटू शर्मा व पोटरखोली निवासी राहुल कुमार एक स्कूटी में सवार होकर नकटी डैम गए थे. डैम से वापस लौटने के क्रम में आसनतलिया राखा के पास उनकी स्कूटी चलती स्कॉर्पियो में पीछे से जा टकराई. इस दुर्घटना से स्कूटी में सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. नमन महेश्वरी स्कूटी चला रहा था, जबकि दोनों दोस्त स्कूटी में पीछे बैठे हुए थे. इस दुर्घटना से नमन का बायां हाथ टूट गया है. जबकि छोटू शर्मा का दायां पैर टूटा है एवं राहुल कुमार के सिर में चोट लगी है. (नीचे भी पढ़ें)

चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल के डॉक्टर जेजे मुंडू ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. इधर दुर्घटना होने से स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्कॉर्पियो चालक फरार हो गया. इधर घटना की सूचना पाकर शहर के गणमान्य लोग एवं परिजन अस्पताल पहुंचे और सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर ले गए.











