जमशेदपुर : जमशेदपुर में कारोबारी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के कथित अपहरण के बाद मामला अब पूरी तरह से राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है. इसी कड़ी में झारखंड के केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया. इस दौरान संजय सेठ ने झारखंड की मौजूदा सरकार और कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार हालात संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है. उन्होंने कहा कि झारखंड में योगी मॉडल की तर्ज पर सख्त कानून व्यवस्था लागू करने की जरूरत है. साथ ही उन्होंने बिहार से सीख लेने की भी बात कही. (नीचे भी पढ़ें)
मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो अपराध और बढ़ेगा. वहीं, उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द कैरव गांधी की सुरक्षित बरामदगी की मांग की और कहा कि पूरा देश इस मामले पर नजर बनाए हुए है. इधर, कैरव गांधी के अपहरण के बाद से शहर के व्यापारिक जगत में दहशत का माहौल है. पुलिस की कई टीमें झारखंड समेत अन्य राज्यों में छापेमारी कर रही हैं. हालांकि अब तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है. फिलहाल, इस पूरे मामले ने झारखंड की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.











