मुंबई : महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों के तहत शुक्रवार को चल रही मतगणना में भाजपा गठबंधन प्रचंड जीत की ओर बढ़ता दिख रहा है. मतगणना के आ रहे रुझानों में राज्य के 29 नगर निकायों में से 23 में भाजपा गठबंधन बढ़त बनाये हुए है. सबसे महत्वपूर्ण मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) में भाजपा एवं शिवसेना (शिंदे) गठबंधन कुल 227 सीटों में से 118 सीटों पर जीत की ओर अग्रसर है. इसी तरह नागपुर, ठाणे पुणे, पिंपरी चिंचवड़, नवी मुंबई और नासिक में भी भाजपा गठबंधन जीत की ओर बढ़ रही है. लातूर में कांग्रेस को जीत मिलती दिख रही है, जहां कुल 70 में से 43 सीटें कांग्रेस की झोली में गई हैं. इसके अलावा चंद्रपुर में भी कांग्रेस आगे चल रही है, परभणी नगर निगम में शिवसेना (उद्धव) आगे चल रही है. वसई विरार में बहुजन विकास अघाड़ी (वीबीए) और मालेगांव में शिवसेना (शिंदे) आगे चल रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि महाराष्ट्र में गुरुवार, 15 जनवरी को नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदान हुए थे. इस चुनाव में कुल 893 वार्डों में कुल 15,931 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे, जिनमें से 68 प्रत्याशी निर्विरोध विजेता घोषित हो चुके हैं.











