लातेहार: लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना अंतर्गत ओरसा घाटी में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से झारखंड के प्रसिद्ध लोध फॉल और शादी समारोह में शामिल होने आ रही एक बस अनियंत्रित होकर घाटी में पलट गई. इस हादसे में 40 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई यात्रियों के बस के नीचे दबे होने की आशंका है.बस में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला के रहने वाले हैं. ये लोग एक शादी समारोह में शिरकत करने और लोध फॉल घूमने के लिए झारखंड के महुआडांड़ आ रहे थे. जैसे ही बस ओरसा घाटी के खतरनाक मोड़ पर पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे पलट गई. (नीचे भी पढ़े)
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में कुछ लोगों के हताहत होने की भी सूचना है, हालांकि प्रशासन ने अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. घटनास्थल पर तुरंत कई एंबुलेंस रवाना की गईं. बस के नीचे फंसे लोगों को निकालने के लिए क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद ली जा रही है. घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ में भर्ती कराया गया है.



