रांची : झारखंड के रांची जिले के बुंडू थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें हाइवा चालक की मौके पर ही मौत हो गयी. यह दुर्घटना रांची–जमशेदपुर मार्ग के दशम फॉल थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव के पास सुबह करीब साढ़े तीन बजे घटी. जानकारी के अनुसार, रांची की ओर से बुंडू आ रहा एक खाली हाइवा सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से पीछे से जा टकराया. (नीचे भी पढ़ें)
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक बुधन लाल उरांव केबिन में बुरी तरह फंस गया. हादसे की सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. चालक के शव को बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगाई गयी. कई घंटों की मशक्कत के बाद शव को वाहन से बाहर निकाला जा सका. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि मुलतानी मिट्टी लादकर ओडिशा जा रहा ट्रेलर नवाडीह गांव के पास ब्रेकडाउन हो गया था. ट्रेलर चालक जितेंद्र भाई वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर आग ताप रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाइवा उससे जा टकराई. प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज गति और अंधेरा माना जा रहा है. दुर्घटना के बाद हाईवे के एक हिस्से में लंबा जाम लग गया. हालांकि सड़क चार लेन की होने के कारण दूसरे लेन से वाहनों का परिचालन जारी रखा गया, जिससे यातायात आंशिक रूप से बहाल रहा. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.











