चांडिल : चांडिल अनुमंडल के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत देवलटांड़ गांव स्थित गोपाल तालाब से गुरुवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. तालाब में शव देखे जाने के बाद ग्रामीणों ने तुरत इसकी सूचना ईचागढ़ थाना को दी. सूचना पाकर वहां पहुंचे थाना प्रभारी बजरंग महतो ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान बासाहातु टोला रोगली निवासी नरसिंह पातर (करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई, बाद में पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया.(नीचे भी पढ़ें)
थाना प्रभारी बजरंग महतो ने बताया कि मृतक नरसिंह पातर होटल आदि में काम कर अपना जीवन-यापन करता था. उन्होंने बताया कि मृतक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती थी और वह परिवार से अलग अकेले रहता था. उसका कोई बाल-बच्चा भी नहीं था, जिस कारण वह अधिकतर समय अकेले ही रहता था. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि नरसिंह पातर की मौत दो से चार दिन पहले हुई होगी और संभवतः वह तालाब में डूब गया होगा. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह तालाब तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई. घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि नर्सिंग पातर अक्सर अकेले ही इधर-उधर घूमता रहता था. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो वह थाना को सूचित करे, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके.



