जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची एवं चक्रधरपुर रेल मंडल के संसद सदस्यों की मंडल समिति की बैठक रांची के रेडिसन ब्लू होटल में संपन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद बिद्युत बरण महतो ने सभी सदस्यों एवं रेल अधिकारियों का का स्वागत किया तत्पश्चात बैठक की कार्रवाई प्रारंभ हुई. बैठक में उपस्थित सांसदों ने एवं उनके प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र के रेल संबंधी विषयों को उठाया एवं रेलवे के पदाधिकारी ने जवाब दिया. सांसद बिद्युत बरण महतो ने मुख्य रूप से चक्रधरपुर एवं चांडिल से टाटानगर पहुंचने वाले यात्री ट्रेनों के अत्यधिक विलंब से पहुंचने के संबंध में कहा कि इसके कारण यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है साथ ही साथ आम जनों के अंदर काफी आक्रोश भी है.(नीचे भी पढ़े)

सांसद ने एक वैकल्पिक सुझाव देते हुए कहा कि वे लंबे समय से चांडिल -बोड़ाम -पटमदा -कटिन- बांदवान होते हुए झाड़ग्राम के लिए नई रेलवे लाइन की मांग कर रहे हैं यदि यह कार्य हो जाता है तो हावड़ा मुंबई रूट जो हमेशा व्यस्त रहती है यह काफी हद तक सामान्य हो जाएगी. यह प्रस्तावित रेल लाईन एक बाईपास का काम करेगी..(नीचे भी पढ़े)

सांसद ने कहा कि उन्हें सूचना प्राप्त हुई है टाटानगर से चलने वाली कई पुरानी ट्रेन जिसमें मुख्य रूप से दुर्ग – दानापुर,टाटानगर – बक्सर, टाटानगर-थावे,जलियांवाला बाग, टाटा – यशवंतपुर, टाटा-एर्नाकुलम, टाटा – जम्मू तवी एवं टाटा-विशाखापट्टनम ट्रेन शामिल है इसका परिचालन आदित्यपुर से किए जाने का प्रस्ताव है. सांसद श्री महतो ने कहा कि वह इसका घोर विरोध करते हैं एवं किसी भी हाल में यात्री ट्रेनों को यहां से शिफ्ट नहीं होने दिया जाएगा. .(नीचे भी पढ़े)

सांसद श्री महतो ने टाटानगर स्टेशन के रीडेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत बड़ी संख्या में रेलवे लीज पर बसे दुकानों को विस्थापित करने का मामला भी उठाया एवं कहा कि नियमानुसार उनका पुनर्वास अवश्य किया जाना चाहिए ताकि उनके जीविका के पर कोई असर नहीं पड़े. इसके अतिरिक्त सांसद ने अन्य भी महत्वपूर्ण विषयों को उठाया जिसे रेलवे के अधिकारियों ने अपने संज्ञान में आगे की कार्रवाई के लिए लिया.




