बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक स्पंज आयरन प्लांट में हुए भीषण धमाके में बिहार के 6 मजदूर जिंदा जल गए. हादसा इतना भयावह था कि मृतकों के शव बुरी तरह झुलस चुके हैं. उनकी पहचान करना तक मुश्किल हो गया है. इस हादसे में 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. जिन्हें इलाज के लिए बिलासपुर के बर्न ट्रीटमेंट सेंटर रेफर किया गया है.(नीचे भी पढ़े)
मृतक सभी बिहार के गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोटिबांध गांव के रहने वाले थे. हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया है. हर घर में मातम पसरा हुआ है.हादसे में जिन मजदूरों की मौत हुई है, उनमें बाप-बेटे भी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि वे महज 15 दिन पहले ही रोजगार की तलाश में छत्तीसगढ़ गए थे. इसके आठ दिन बाद बेटा राजदेव भी वहीं काम करने पहुंचा था. किसी को अंदाजा नहीं था कि मजदूरी की तलाश उन्हें मौत के मुंह तक ले जाएगी.




