जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर-1 स्थित बाय वन बॉयज क्लब की ओर से आयोजित सरस्वती पूजा पंडाल का उद्घाटन भाजपा प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने फीता काटकर किया. उद्घाटन के अवसर पर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला. बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडाल में मां सरस्वती के दर्शन के लिए पहुंचे. इस वर्ष पूजा पंडाल की साज-सज्जा पूरी तरह बेस्ट न्यूजपेपर थीम पर आधारित है, जो लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. पंडाल में रचनात्मक ढंग से अखबारों का उपयोग कर सामाजिक संदेश भी दिया गया है. वहीं मां सरस्वती की प्रतिमा को शिवलिंग के आकार के विशेष ढांचे के भीतर स्थापित किया गया है, जो क्लब के सदस्यों की अनोखी सोच और धार्मिक आस्था को दर्शाता है. (नीचे भी पढ़ें)
क्लब के सदस्यों ने बताया कि वर्ष 1984 से लगातार यहां विधि-विधान के साथ सरस्वती पूजा का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष किसी न किसी नई और अनोखी थीम पर छोटे लेकिन आकर्षक पंडाल का निर्माण किया जाता है, जिससे बाय वन बॉयज क्लब की पूजा क्षेत्र में अलग पहचान बनी हुई है. उद्घाटन समारोह में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के प्रमुख सदस्य चेतन सरदार, मधुसूदन राव, भारत सिंह सरदार, प्रेम सूरत हंसदा, ऋषभ सिंह सरदार, सूरज प्रमाणिक सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही.




