जमशेदपुर: मानगो नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड संख्या 19 में शनिवार को चुनावी गतिविधियां तेज रहीं. वार्ड 19 की प्रत्याशी रुखसार बेगम ने सघन जनसंपर्क अभियान चलाते हुए क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की. अभियान के दौरान उन्होंने स्थानीय समस्याओं सड़क मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, नाली सफाई और स्ट्रीट लाइट को प्राथमिकता से उठाया तथा इनके समाधान का भरोसा दिलाया. जनसंपर्क के बीच रुखसार बेगम ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि यदि उन्हें जनसमर्थन मिला तो वार्ड में स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं के लिए विशेष कार्ययोजना लागू की जाएगी. उन्होंने बताया कि महिलाओं और युवाओं के लिए कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों पर भी फोकस रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)
“वार्ड 19 को साफ-सुथरा, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाना मेरी प्राथमिकता है. जनता का आशीर्वाद मिला तो विकास की गति तेज होगी,” उन्होंने कहा. अभियान में उनके समर्थक और स्थानीय शिक्षाविद ताहिर मास्टर भी साथ नजर आए. ताहिर मास्टर ने कहा, “हम रुखसार बेगम के साथ मजबूती से खड़े हैं. लोगों से जो प्रतिक्रिया मिल रही है, वह सकारात्मक है. क्षेत्र में बदलाव की स्पष्ट इच्छा दिख रही है.” (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय मतदाताओं ने भी प्रत्याशी से अपनी अपेक्षाएँ साझा कीं. कई निवासियों ने नियमित सफाई, जलनिकासी व्यवस्था में सुधार और यातायात सुगमता की मांग रखी. रुखसार बेगम ने आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबोधित किया जाएगा. चुनावी माहौल के बीच मानगो नगर निगम के इस वार्ड में मुकाबला रोचक होता जा रहा है. आने वाले दिनों में जनसभाओं और संपर्क अभियानों के साथ चुनावी तापमान और बढ़ने की संभावना है.














