जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद से उपजी एक दिल दहला देने वाली घटना में पत्नी की हत्या के आरोप में अभियुक्त बुधराम मुन्दुइया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी में नामजद अभियुक्त बुधराम मुन्दुइया (उम्र लगभग 58 वर्ष), को धर दबोचा.(नीचे भी पढ़े)
गिरफ्तार अभियुक्त का वर्तमान पता शिवनारायणपुर सरनाटोला, थाना आदित्यपुर, जिला सरायकेला-खरसावां बताया गया है, जबकि उसका स्थायी पता कुलडीहा, थाना झींकपानी, जिला पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) है.गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. छापामारी दल में सीडीपीओ समीर सवैंया के साथ सह थाना प्रभारी आदित्यपुर, बिनोद तिर्की, विनोद टुडू, सुरेश राम, पप्पु राम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. इस घटना ने क्षेत्र में घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों के गंभीर परिणामों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है.




