सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला में अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है. प्रशासन के निर्देश पर तिरुलडीह थाना क्षेत्र के सपादा और तिरुलडीह घाट में विशेष जांच अभियान चलाया गया. थाना प्रभारी कौशल कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने संभावित अवैध खनन स्थलों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया. (नीचे भी पढ़ें)
अभियान के दौरान कई संदिग्ध मार्गों की पहचान कर उन पर जेसीबी से ट्रेंच (खाई) खुदवाकर रास्तों को बंद कर दिया गया. इन मार्गों का इस्तेमाल बालू के अवैध परिवहन के लिए किया जाता था. प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध कारोबार की कमर तोड़ना और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करना है. (नीचे भी पढ़ें)
अधिकारियों ने दो टूक कहा है कि बालू के अवैध उत्खनन, भंडारण या परिवहन में संलिप्त लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. भविष्य में भी नियमित रूप से छापेमारी और निगरानी जारी रहेगी. लगातार हो रही सख्ती से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में बेचैनी बढ़ गई है. प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे अवैध खनन की सूचना तुरंत दें, ताकि इस पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और क्षेत्र को अवैध गतिविधियों से मुक्त रखा जा सके.











