बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती ने श्रमिक मित्रों के हित में उठायी आवाज
चाकुलिया : बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती ने सदन के माध्यम से राज्य में कार्यरत श्रमिक मित्रों के हित में सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया. उन्होंने कहा कि राज्य में 3000 से अधिक संख्या में कार्यरत श्रमिक मित्रों को वर्तमान में प्रोत्साहन राशि के रूप में अत्यंत कम भुगतान किया जा रहा है, जो महंगाई के इस दौर में उनके जीवन-यापन के लिए पर्याप्त नहीं है. विधायक समीर मोहंती ने बताया कि श्रमिक मित्र जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके कार्य का उचित सम्मान और पारिश्रमिक मिलना आवश्यक है. उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि श्रमिक मित्रों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी की दर के अनुरूप मानदेय प्रदान करने पर सकारात्मक पहल की जाए, ताकि वे सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें. विधायक ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए उचित निर्णय लेगी.
विधायक समीर कुमार मोहंती ने वनमाकड़ी अस्पताल के चिकित्सकों की बकाया मानदेय भुगतान कराने की मांग: बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती ने गुड़ाबांदा प्रखंड के वनमाकड़ी स्थित कल्याण विभाग द्वारा संचालित ग्रामीण अस्पताल की गंभीर स्थिति को लेकर सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया है. उन्होंने बताया कि पिछले 5 माह से चिकित्सा कर्मियों को मानदेय का भुगतान नहीं होने के कारण वे हड़ताल पर हैं, जिससे प्रखंड के इस एकमात्र अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप हो गयी हैं. इसके कारण क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को इलाज के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. विधायक समीर मोहंती ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का बाधित होना अत्यंत चिंताजनक है और इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए. उन्होंने सरकार से मांग की है कि चिकित्सा कर्मियों के बकाया मानदेय का अविलंब भुगतान सुनिश्चित किया जाए और अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं शीघ्र बहाल की जाएं.




