जमशेदपुर : मंगलवार सुबह करीब 10:00 बजे बर्मामाइंस स्थित सिद्धू-कानू बस्ती में एक बेहद दर्दनाक और तनावपूर्ण घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील यूआईएसएल की टीम पानी का कनेक्शन काटने के लिए बस्ती पहुंची थी. इस दौरान जब स्थानीय बस्तीवासियों ने विरोध किया, तो स्थिति अचानक बिगड़ गयी. बताया जा रहा है कि कंपनी की ओर से करीब तीन गाड़ियों में अधिकारी मौके पर पहुंचे थे. विरोध के बीच अधिकारियों ने कथित तौर पर हाथापाई की, जिसमें महिलाओं, बच्चों और किन्नर समुदाय के लोगों घायल हो गये. वही किन्नर समुदाय के कुछ सदस्यों को गंभीर अंदरूनी चोट लगने की बात भी सामने आयी है. (नीचे भी पढे़ं)

घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है. बस्तीवासियों का कहना है कि यहां लगभग 150 घर हैं और सभी लोग लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं. उनकी मांग है कि पहले उन्हें वैध पानी कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए, उसके बाद ही किसी प्रकार की कार्रवाई की जाए. स्थानीय लोगों ने इस घटना को पूरी तरह से गलत बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. साथ ही प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की अपील की गयी है, ताकि बस्तीवासियों को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनायें फिर से न हो.




