सरायकेला: नृपराज मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय में आयोजित शिक्षक अभिभावक गोष्ठी में नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद सुषमा तियु उपस्थित थीं. स्कूल की प्रधानाध्यापक अंबिका प्रधान, वासुदेव महतो और कई शिक्षक भी उपस्थित थे. मनोज चौधरी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों पर समय दें और उनके शिक्षा और आचरण पर ध्यान दें. उन्होंने छात्रों से कहा कि आपके पैरेंट्स आपसे प्यार करते हैं, इसलिए अगली बार अभिभावक और छात्रों की बैठक में उन्हें जरूर लेकर आइएगा. (नीचे भी पढ़ें)

स्कूल में छात्रों की उपस्थिति की कमी को देखते हुए, उन्होंने शिक्षकों से कहा कि सभी क्लास टीचर अपने क्लास के बच्चों के अभिभावकों से संवाद कर सभी कार्य दिवसों में छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए आवश्यक पहल करें. बच्चों ने स्वागत गान और नित्य नाटिका के जरिए मनमोहक प्रस्तुति दी. नवनिर्वाचित अध्यक्ष की पहल से सभी अभिभावक काफी प्रसन्न हुए और उम्मीद जमाई कि उनके प्रयास से शिक्षा स्तर सुधरेगा. कार्यक्रम के बारे में पूछे जाने पर श्री चौधरी ने बताया कि जनप्रतिनिधि के काम केवल साफ सफाई और बुनियादी समस्याओं को दूर करना नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कार्यालय में पारदर्शिता के साथ काम हो, इसे भी सुनिश्चित कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है.




