सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र के चमारू-कोलबिरा ब्रिज के नीचे रविवार सुबह एक निजी स्कूल के शिक्षक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान नुवागढ़ धातकीड़ीह निवासी जीतन महतो के रूप में हुई है, जो मिरूडीह स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक था. परिजनों के अनुसार, जीतन महतो शनिवार शाम करीब छह बजे मानिक बाजार में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे. उनके साथ तीन अन्य लोग भी थे. शादी समारोह में जाने के बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे. रविवार सुबह करीब 11 बजे उनका शव चमारू-कोलबिरा ब्रिज के नीचे नदी के पास मिला. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया. प्रारंभिक जांच में पानी में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. मृतक के साथ शादी समारोह में गए तीन लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. जीतन महतो दो भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य था. उसके परिवार में पत्नी और चार वर्षीय पुत्र हैं. शिक्षक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.





