जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षकों की शनिवार अपराह्न 2 बजे से को-ऑपरेटिव कॉलेज के विवेकानंद कॉन्फ्रेंस हॉल में एक आवश्यक बैठक हुई. बैठक में अवकाश प्राप्त शिक्षकों के पेंशन भुगतान को लेकर आ रही समस्याओं पर विचार-विमर्श हुआ. बैठक में पेंशन भुगतान में हो रही देरी की कड़ी निंदा करते हुए सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किये गए. इनमें कुलाधिपति द्वारा निर्गत आदेश के अनुसार हर महीने की पहली तारीख को पेंशन का भुगतान अवश्य कर देने, जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई.
अवकाश प्राप्त शिक्षकों ने कहा कि सरकार के प्रस्ताव के अनुसार सेवा निवृत्ति के उपरांत 40/45 दिनों के अंदर सेवा निवृत्ति का लाभ मिल जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि आज की बैठक में पारित प्रस्तावों के संदर्भ में विश्वविद्यालय द्वारा शीघ्र संज्ञान नहीं लिये जाने की स्थिति में सभी सेवा निवृत्त शिक्षकों को कड़े कदम उठाने पर विवश होना पड़ेगा. बैठक के अंत में सेवा निवृत्त शिक्षकों की ओर से घाटशिला कॉलेज से सेवानिवृत्त प्रो डॉ मित्रेश्वर अग्निमित्र ने को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ अमर सिंह का धन्यवाद ज्ञापन किया.
सेवानिवृत्त शिक्षकों की समिति गठित
इसी बैठक में सेवा निवृत्त शिक्षकों की एक समिति गठित हुई, जिसमें डॉ केसी डे को अध्यक्ष, डॉ एसके सिन्हा एवं डॉ मुदिता चंद्रा को उपाध्यक्ष, डॉ जयंत को सचिव, डॉ सुबोध कुमार सिंह, डॉ केएन प्रधान, डॉ एके पॉल एवं डॉ अशोक सिन्हा को सह सचिव, डॉ केएम महतो को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया. इनके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ रागिनी भूषण, डॉ किरण शुक्ला, डॉ केपी शुक्ला, डॉ आरएन ओझा एवं डॉ आरके दयाल को चुना गया.














