जमशेदपुर : जमशेदपुर में दूषित और बदबूदार पानी की आपूर्ति से नाराज़ लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर खुलकर सामने आने लगा है. शुक्रवार को जमशेदपुर अभिभावक संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक वे गंदा पानी पीने को मजबूर रहेंगे. जानकारी के अनुसार पिछले करीब तीन सप्ताह से शहर के सोनारी और कदमा समेत कई इलाकों में जलापूर्ति की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है. कदमा के भाटिया बस्ती, उलियान, रामजन्मनगर, शास्त्रीनगर तथा सोनारी के कैलाश नगर और कागलनगर में नलों से निकलने वाले पानी में मिट्टी, कचरा और कीड़े तक पाए जा रहे हैं. (नीचे भी पढे़ं)

पानी से तेज बदबू आ रही है और उसका रंग भी पीला हो चुका है, जिससे लोगों में भय और आक्रोश दोनों है. अभिभावक संघ के डॉ. उमेश कुमार ने चेतावनी दी कि इस तरह का पानी पीने से गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं. उन्होंने बताया कि पानी को कुछ देर बर्तन में रखने पर नीचे गंदगी जम जाती है. प्रदर्शनकारियों ने जलापूर्ति करने वाली कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है. लोग बोतलों में गंदा पानी लेकर डीसी कार्यालय पहुंचे और चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा.


