जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत आशियाना रोड स्थित भाजपा नेता सपन दास के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. एसपी मुकेश लुणायत के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया गया है.पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अपराधियों की पहचान प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानू, राजू उर्फ टकला और चंदन गोराई के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा व जिंदा कारतूस भी बरामद किया है. तीनो से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. पूछताछ के बाद शुक्रवार को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.(नीचे भी पढ़े)

एसपी मुकेश लुणायत ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस फायरिंग की मुख्य मंशा इलाके में दहशत फैलाना और रंगदारी वसूलना था. अपराधियों ने जानबूझकर इस वारदात को अंजाम दिया ताकि स्थानीय लोगों और व्यवसायियों के बीच भय का माहौल बनाया जा सके. घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानव संसाधनों का उपयोग कर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया. इस कार्रवाई से पुलिस की तत्परता और अपराध नियंत्रण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है.प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा. ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य भी इसमें शामिल हैं या नहीं.











