जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी एरोड्रम मोड़ के पास शुक्रवार को ठगी की एक कोशिश का मामला सामने आया है. कदमा रामनगर निवासी मनोज कुमार उस समय स्कूटी से बच्चों को लेने जा रहे थे, तभी तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया. पीड़ित मनोज कुमार के अनुसार, आरोपियों ने जांच के नाम पर उनसे पूछताछ शुरू की और स्कूटी की डिक्की खुलवाई. इसके बाद उन्होंने मनोज के पहने जेवरों पर सवाल उठाते हुए उन्हें उतारने का दबाव बनाया. भरोसा दिलाने के लिए युवकों ने कथित तौर पर आईकार्ड भी दिखाया, जिससे मनोज को शुरुआत में शक नहीं हुआ. आरोप है कि इसी दौरान ठगों ने जेवर को कागज में लपेटकर रखने की सलाह दी और चालाकी से असली जेवर की अदला-बदली करने की कोशिश की.
(नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, मनोज को उनकी हरकतों पर संदेह हो गया. उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया और शोर मचाया. शोर सुनते ही आसपास के लोग भी सतर्क हो गए, लेकिन मौके का फायदा उठाकर तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम और सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पीड़ित से विस्तृत पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की घटनाओं से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति पर तुरंत भरोसा न करें.














