जमशेदपुर : सोनारी पुलिस ने चोरी की पांच साइकिलों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार शंभु महतो सरायकेला जिले के सिनी थानांतर्गत केंदुआ गांव का निवासी है, जो जमशेदपुर आकर साइकिलों की चोरी कर दूसरे लोगों को औने-पौने दाम पर बेचा करता था. सोनारी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोनारी पुलिस ने सोनारी ए ब्लॉक स्थित अंकुर अपार्टमेंट से विगत 14 अप्रैल को एक साइकिल की चोरी के मामले की जांच के क्रम में शंभु महतो उसकी पकड़ में आया, जिसके बाद उससे हुई पूछताछ में नगर में हुई सायकिल चोरी की अनेक घटनाओं का खुलासा हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस के अनुसार विगत 14 अप्रैल को सोनारी अंकुर अपार्टमेंट के फ्लैट नं ए/19 से अरुण कुमार के नाती यशराज की साइकिल की चोरी हो गई थी, जिसके क्रम में उन्होंने सोनारी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. उक्त मामले की जांच चल रही थी, इसी बीच गुरुवार को एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान एक युवक को खूंटाडीह से कदमा जानेवाली सड़क पर एक संदिग्ध व्यक्ति को साइकिल ले जाते समय रोका गया तो वह भागने लगा. पुलिस ने उसे पकड़ कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम शंभु महतो बताया जो सरायकेला के सिनी थानांतर्गत केंदुआ का निवासी है. उसने बताया कि उक्त सायकिल उसने सोनारी अंकुर अपार्टमेंट से चोरी की है तथा उसे बेचने की कोशिश कर रहा था. यही नहीं उसने बताया कि वह कई अन्य स्थानों से भी सायकिलों की चोरी कर चुका है, जिन्हें वह कोई न कोई बहाना बनाकर किसी को भी बेच दिया करता था. इसके पश्चात पुलिस ने उसकी शिनाख्त पर चोरी की पांच सायकिलें बरामद की हैं, जिन्हें शहर के विभिन्न स्थानों से चुराया गया था.











