बहरागोड़ा : बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शनिवार को एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. सुराई मार्डी द्वारा किया गया. अवसर पर डॉ. सुराई मार्डी ने उपस्थित लोगों को मलेरिया के प्रति जागरूक करते हुए इसके कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मलेरिया एक संक्रामक रोग है, जो संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है. इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, पसीना आना, सिरदर्द एवं शरीर में कमजोरी शामिल हैं. समय पर जांच एवं उपचार ना कराने पर यह बीमारी गंभीर रूप ले सकती है. उन्होंने मलेरिया से बचाव के लिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की. (नीचे भी पढे़ं)
घरों के आसपास पानी जमा ना होने देना, मच्छरदानी का नियमित उपयोग, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनना और समय-समय पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने जैसे उपायों को अपनाने की सलाह दी गयी. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराकर चिकित्सकीय सलाह लेना आवश्यक है. कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा लोगों के बीच पंपलेट एवं जागरूकता सामग्री का वितरण भी किया गया और मलेरिया उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया. मौके पर सनत कुमार बेरा, महेश्वर मुंडा, कौशिक गिरी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे. सभी लोगों ने मलेरिया मुक्त समाज बनाने के लिए जागरूक रहने एवं दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया.











