जमशेदपुर : जमशेदपुर में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली से जुड़ी घटनाओं में भी इजाफा देखने को मिल रहा है. खासकर मानगो इलाके में इलेक्ट्रिक पोल में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल है. शनिवार को ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी में एक इलेक्ट्रिक केबल में अचानक आग लग गयी. आग तेजी से फैलते हुए केबल के नीचे लगे एक फल के ठेले तक पहुंच गयी, जिससे ठेले को नुकसान हुआ. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और स्थानीय लोगों की सतर्कता तथा समय पर कार्रवाई के कारण स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी और पुराने या ढीले बिजली के केबल के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं. कई जगहों पर तारों में स्पार्किंग और ओवरलोडिंग की समस्या भी देखी जा रही है, जो आग लगने का कारण बन सकती है. ऐसे में प्रशासन और बिजली विभाग को सतर्क रहने की जरूरत है, वहीं आम लोगों को भी सावधानी बरतनी चाहिए. लोगों से अपील की गयी है कि वे इलेक्ट्रिक केबल के पास दुकान या ठेला न लगाएं, पोल के आसपास कचरा या ज्वलनशील सामग्री न रखें और यदि कहीं खुले या लटकते तार दिखाई दें तो तुरंत बिजली विभाग को सूचना दें.











