रांची : झारखंड के अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी और आधुनिकीकरण (एडीजी) सुमन गुप्ता द्वारा आइजी प्रशिक्षण ए विजयालक्ष्मी की उपस्थिति में पुलिस मुख्यालय सभागार से सभी जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक (रेल जमशेदपुर एवं रेल धनबाद सहित) के साथ वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा तैयार किया गया आइ गॉट (i-Got) कर्मयोगी पोर्टल पर सभी अनुसंधान पदाधिकारियों का निबंधन एवं प्रशिक्षण कराये जाने से संबंधित बैठक आयोजित की गयी. बैठक के दौरान 06 पाठ्यक्रमों को निश्चित रूप से पूर्ण करने हेतु व्यापक रूप से समीक्षा की गयी. इसके तहत सरकारी कर्मचारियों के कोड ऑफ कंडक्ट, कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ यौन शोषण, नयी तकनीक का इस्तेमाल, साइबर स्पेस में सुरक्षा, मिशन लाइफ के तहत ओरियेंटेशन मॉड्यूल और काम के दौरान योगा ब्रेक लेने का प्रावधान तय किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

समीक्षा से स्पष्ट हुआ कि विगत एक सप्ताह के अन्दर लगभग 3769 अनुसंधानकर्ताओं द्वारा आइ गॉट i-Got कर्मयोगी पोर्टल पर निबंधन किया जा चुका है. सभी वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक (रेल जमशेदपुर एवं रेल धनबाद सहित) को यह स्पष्ट निर्देश दिया गया कि विशेष अभियान चलाकर उपरोक्त पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण तथा आइ गॉट (i-Got) कर्मयोगी पोर्टल पर सभी अनुसंधान पदाधिकारियों का शत प्रतिशत निबंधन निश्चित रूप से एक माह के अन्दर पूरा कर लिया जाए. अपर पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण एवं आधुनिकीकरण, झारखण्ड ने बैठक के दौरान सभी पुलिस अधीक्षकों को इस तथ्य से अवगत कराया कि आइ गॉट (i-Got) कर्मयोगी पोर्टल से संबंधित उपरोक्त कथित बिन्दुओं पर की गई कार्रवाई की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जायेगी. समीक्षोपरांत एवं निर्देशोपरांत बैठक समाप्त की गयी.














