चाकुलिया : चाकुलिया स्टील फैक्ट्री परिसर में चल रही सात दिवसीय राम कथा, मानस चतुश्शती सह स्वर्ण जयंती समारोह के तीसरे दिन आचार्य सीताराम शास्त्री ने कहा कि व्यक्ति जिस वंश में जन्म लेता है, उस वंश का होता है. राम का जन्म सूर्य वंश में हुआ तो वे सूर्यवंशी बने. भगवान के नामकरण संस्कार की कथा सुनाते हुए कहा कि हिन्दू समाज में नाम संस्करण अहम महत्व रखता है परंतु आज विवाह छोड़ लगभग सभी संस्कार विलुप्त हो रहे हैं. इसका संरक्षण करें तभी समाज का संरक्षण होगा. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि राम का नाम आनंद का सिन्धु है. राम नाम सिन्धु के समान है, जो विश्व का भरण पोषण करे उसका नाम भरत है. प्रेम की पराकाष्ठा हैं भरत, जिनका नाम स्मरण करने मात्र से ही शत्रुआओं का नाश हो उसका नाम शत्रुघ्न है. सारे लक्षणों का भंडार है लक्ष्मण. उन्होंने कहा कि याचना करने वाला छोटा होता है और दान देने वाला बड़ा होता है, जब कोई आपसे कुछ मांगें तो कभी नहीं है मत कहना सामर्थ के अनुपात कुछ देना चाहिए इससे जीवन में ठाकुर जी कृपा बनी रहती है. दो अक्षर का नाम राम नाम बहत प्यारा है इसका स्मरण करें जीवन तर जाएगा।ठाकुर जी की प्रति निष्ठा हो तो आप कभी गिरेंगे नहीं, परमात्मा आपको बचाएंगे. मुनियों का धन राम हैं, जिसे राम नाम का धन मिल जाए, उसे संसार में और किसी धन की आवश्यकता नहीं होती. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि संसार जिसकी ओर नहीं देखता, उसे प्रभु राम देखते हैं. राम की भक्ति करेंगे तो प्रभु की कृपा होगी. जो चरित्र से गिरता है उसका पतन होता है और जिनका चरित्र पवित्र हो वही चरित्रहीन का उद्धार करते हैं. भक्त जब तक प्रभु से संबंध नहीं बनाता तब तक भक्ति पनप नहीं सकती. मन में श्रद्धा हो तो प्रभु के दर्शन होते हैं. संतों की कृपा जिस पर होती है, प्रभु जी का यश भी उसी को प्राप्त होता है. जीवन में जब भी मौका मिले, संतो की सेवा करें. राम नाम से पाप का नाश होता है. (नीचे भी पढ़ें)
आज राम विवाह की कथा के अवसर पर निकाली गई झांकी पर उपस्थित श्रद्धालु प्रभु राम की भक्ति में डूब गए और भजन गीतों पर झूम उठे. देर शाम तक श्रोता कथा में प्रस्तुत किए गए भक्ति गीत जीवन धन राधा राधा हमारो धन राधा…, दशरथ राजकुमार नजर तोहे लग जाएगी… जैसे गीतों पर झूमते रहे. अंत में सभी श्रोताओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. कथा के संचालन में रवि झुनझुनवाला,प्रभात झुनझुनवाला,दीपक झुनझुनवाला, सुबास लोधा, संजय लोधा, आनंद सेकसेरिया, पवन गोयनका, अनूप केरिया, अमित भारतीय, बिट्ठल शर्मा, राजेश लोधा, केशव रुंगटा, कौशल रुंगटा, भरत शर्मा, संजय दास, संजय सिंह समेत अन्य ने अहम भूमिका निभाई.















