जमशेदपुर : डिमना चौक के पास वसुंधरा एस्टेट के सामने स्वर्णरेखा परियोजना की जमीन पर कचरा डंपिंग को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के जमशेदपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि उक्त जमीन पर ठोस कचरे के प्रसंस्करण, भंडारण या निस्तारण के लिए मानगो नगर निगम को बोर्ड की ओर से कोई अनुमति नहीं दी गई है. इतना ही नहीं, निगम ने इस स्थल को कचरा निस्तारण केंद्र के रूप में प्राधिकृत कराने के लिए बोर्ड के पास आवेदन तक नहीं किया है. यह जानकारी जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु द्वारा 27 अक्टूबर को दायर सूचना के अधिकार (आरटीआइ) आवेदन के जवाब में पर्षद ने 5 नवंबर 2026 को दी है. बोर्ड के इस जवाब से डिमना में कचरा डंपिंग की वैधता पर सवाल खड़े हो गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों के अनुसार, बोर्ड ने 3 और 10 सितंबर 2026 को मानगो नगर निगम को पत्र भेजकर रीबिट कॉलोनी के पास वसुंधरा एस्टेट के सामने स्वर्णरेखा परियोजना की जमीन पर खुले में कचरा डंपिंग और कचरा स्थानांतरण केंद्र संचालित किए जाने पर आपत्ति जताई थी. बोर्ड ने कहा था कि बिना पर्यावरणीय स्वीकृति और स्थापना एवं संचालन की सहमति के ऐसा किया जा रहा है. साथ ही, इसे रोकने का अनुरोध भी किया गया था. इसके बावजूद निगम की ओर से उक्त पत्रों का कोई जवाब नहीं दिया गया. ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत नगर निकायों को प्रत्येक वर्ष 30 जून तक प्रदूषण नियंत्रण पर्षद को वार्षिक रिपोर्ट सौंपनी होती है. लेकिन मानगो नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 की रिपोर्ट अब तक जमा नहीं की है. मई और सितंबर 2026 में अनुस्मारक भेजे जाने के बावजूद रिपोर्ट नहीं दी गई. पुराने डंपिंग स्थलों की सूची भी बोर्ड या केंद्रीय पोर्टल पर उपलब्ध नहीं कराई गई है. वहीं, संबंधित स्थल से मिट्टी और अन्य नमूनों की जांच भी अब तक नहीं हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
इस मामले में सौरभ विष्णु ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की पूर्वी क्षेत्रीय पीठ, कोलकाता में आवेदन (संख्या 202/2026/ईजेड) दाखिल किया है. अधिकरण ने 23 सितंबर 2026 को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अनुपालन, प्रदूषण नियंत्रण पर्षद द्वारा सत्यापन और संयुक्त समिति से स्थल निरीक्षण कराने का आदेश दिया था. मामले में अंतरिम आवेदन भी दायर किया गया है. अगली सुनवाई 2 दिसंबर 2026 को निर्धारित है. सौरभ विष्णु ने कहा कि प्रदूषण बोर्ड के जवाब से स्पष्ट है कि डिमना की जमीन पर कचरा डालने के लिए न तो अनुमति मांगी गई और न ही अनुमति मिली. उन्होंने मांग की कि इस जमीन पर किसी भी प्रकार की डंपिंग, शेड, कॉम्पैक्टर या ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण नहीं हो तथा पहले से डाले गए कचरे को वैज्ञानिक तरीके से हटाया जाए. उन्होंने प्रदूषण बोर्ड से मिट्टी और भूजल के नमूनों की जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग की है.















