मेदिनीनगर(पलामू) : किसान देश की अर्थव्यवस्था के लिए रीढ की हड्डी है. परंतु पलामू के किसानों की समृद्धि के लिए सिंचाई की मजबूत व्यवस्था होनी चाहिए. इसके साथ ही किसानों को भी अपने कर्तव्य का पालन करते हुए प्राकृतिक संसाधनों के समेकित प्रबंधन में अपना योगदान देना होगा. इसके अलावा ग्राम सभा को भी प्राकृतिक संसाधनों के समेकित प्रबंधन के लिए जागरूक करना होगा. उक्त बातें किसान मेला की पूर्व संध्या पर रामगढ़ प्रखंड के अड़ागडा में संपूर्ण ग्राम विकास केंद्र द्वारा आयोजित किसान संगोष्ठी में अपना विचार प्रस्तुत करते हुए विनोद कुमार ने कही. गोष्ठी में किसानों के बीच किसान गरीब क्यों है, किसानों के सामने कौन-कौन सी समस्याएं आती है और समस्याओं का समाधान क्या है विषय पर समूह चर्चा का आयोजन किया गया.समूह चर्चा की प्रस्तुति करते हुए किसानों ने बताया कि आपसी एकता, जानकारी, उन्नत बीज एवं खाद पानी का अभाव के कारण किसान गरीब हैं. दूसरे कारण के रूप में देखे तो जमीन सही नहीं होने के कारण भी लोगों का खेती से जुड़ाव कम होता जा रहा है. दूसरी तरफ कृषि उत्पाद को बेचने के लिए बाजार का भी अभाव है. सबसे महत्वपूर्ण कारण यह भी है कि किसान नई तकनीक पर विश्वास नहीं कर पाते. पानी और चारागाह के अभाव में पशुपालन में भी समस्याएं आती है. इसलिए गांव के लोगों को पलायन करना पड़ता है.(नीचे भी पढ़े)

सामूहिक चर्चा का समेकन करते हुए संपूर्ण ग्राम विकास केंद्र के अध्यक्ष जवाहर ज्योति ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक होना होगा. साथ ही ग्राम सभा की बैठकों में गांव और खेत के विकास की योजना बनानी होगी.संगोष्ठी की अध्यक्षता और संचालन प्रेम प्रकाश ने किया. प्रेम प्रकाश ने कहा कि किसान सबसे धनी होता है, परंतु वह अपने आप को गरीब समझता है. मंत्री से लेकर भिखारी तक का पेट किसान भरता है, तो वह गरीब कैसे हो सकता है. उसकी गरीबी का कारण जो आप लोगों ने बताया वह बहुत ही सटीक है. इसके अलावा किसान जिस दिन यह समझने लगे कि खेतों में हम अनाज खाने के लिए नहीं व्यापार के लिए उगाते हैं, उसी दिन से वह किसान अमीर बनने की दिशा में आगे बढ़ जाएगा. आज पलामू के किसान खेती सिर्फ खाने के लिए करते हैं, व्यापार के लिए नहीं.मंच पर विनोद कुमार, जवाहर ज्योति, प्रेम प्रकाश, गोपीनाथ पात्रा, राखी, शत्रुघ्न आजाद, पुष्पा कुमारी उपस्थित थे, संगोष्ठी को सफल बनाने में ज्ञानचंद कुमार, राजदेव प्रसाद वर्मा, अनिल कुमार, मेवा सिंह, जोहन कंडुलना, कामेश्वर सिंह, मॉरिस कंडुलना, हबील सोरेन, कैथरीना टोपनो, बिंदु कुमारी, प्रियंका देवी सहित अन्य लोग सक्रिय थे. संगोष्ठी में 12 गांव के किसान प्रतिनिधि और नागरिक सहायता केंद्र के साथी काफी संख्या में उपस्थित थे.














