सरायकेला: एसपी के निर्देश पर शनिवार को सरायकेला- खरसावां जिले के अलग- अलग थाना क्षेत्रों में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध चलाए गए अभियान के तहत करीब 10 एकड़ जमीन पर हो रहे अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया. इसमें ग्रामीणों की भी सहभागिता रही. इस दौरान ईचागढ़ थाना अंतर्गत पहाड़मुंडी में करीब 0.5 एकड़ में लगे अवैध अफीम की खेती को विनष्ट किया गया. उधर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे निरंतर जागरूकता अभियान से प्रभावित होकर कुचाई थाना अंतर्गत बड़ा सेगोई गांव में करीब 2.50 एकड़ एवं कारालोर गांव में करीब 2 एकड़ भूमि में लगे अफीम की खेती को ग्रामीणों द्वारा स्वंय नष्ट किया गया. इसी तरह कुचाई अंतर्गत दलभंगा ओपी के जोम्बरो गांव में करीब 2 एकड़ एवं कोमाय में करीब 1 एकड़ में अवैध अफीम की खेती को ग्रामीणों द्वारा नष्ट किया गया. वहीं चौका थाना अंतर्गत कैदलकोचा, उपर टोला रायडीह, रायडीह गांव में लगभग 2 एकड़ अवैध अफीम के खेत को ग्रामीणों ने विनिष्ट किया है.















