रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त कुलदीप चौधरी की अध्यक्षता में सेल के पदाधिकारियों एवं जामकुंडिया गांव के निवासियों के बीच समन्वय बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, जगन्नाथपुर अनुमंडल पदाधिकारी महेंद्र छोटन उरांव के अलावा जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी, सेल के पदाधिकारी व जामकुंडिया गांव के रैयत उपस्थित रहे. बैठक में उपायुक्त ने गुआ सेल लौह अयस्क खदान के बहते लाल पानी/मिट्टी/कंकड़ से जामकुंडिया गांव अंर्तगत कृषि योग्य भूमि के बंजर होने के मामले में प्रभावित रैयतों से वस्तु स्थिति की जानकारी लेने के पश्चात सेल के उपस्थित पदाधिकारी से वर्तमान समय में सीएसआर के तहत संचालित कार्यों के बारे में बिंदुवार जानकारी ली गई. साथ ही डीसी ने उन्हें कंपनी द्वारा अब तक संपादित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी जिला कार्यालय को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में उपायुक्त ने जगन्नाथपुर अनुमंडल पदाधिकारी को प्रभावित रैयतों एवं सेल के पदाधिकारियों की उपस्थिति में विकास मूलक एवं रोजगारपरक कार्यों के निमित्त बैठक का आयोजन करने का निर्देश दिया गया. बैठक में सेल के पदाधिकारियों को खदान से निकलने वाले लाल पानी, मिट्टी एवं डस्ट का प्रवाह खेतों/जल स्रोतों में ना हो, इस पर प्रभावी रूप से रोक लगाने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
जिला कृषि पदाधिकारी को प्रभावित रैयत की जमीन एवं आसपास के खेतों की मिट्टी की जांच कराते हुए सात दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.बैठक में जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी एवं जिला उद्यान पदाधिकारी को विभाग के माध्यम से संचालित सरकारी योजनाओं का लाभ संबंधित गांव के लोगों को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया. उपायुक्त ने जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक को उक्त क्षेत्र की महिलाओं को जीवकोपार्जन, स्वरोजगार समेत लाइवलीहुड के अन्य कार्यक्रमों से जोड़ने का भी निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को संबंधित गांव में पेयजल के लिए उपलब्ध जल स्रोतों का अवलोकन तथा आवश्यकतानुसार नए जलस्रोतों के निर्माण से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया. उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, सेल के पदाधिकारियों एवं रैयतों को आपसी समन्वय स्थापित कर संबंधित गांव में जीवनयापन के लिए आधारभूत एवं मूलभूत सुविधाओं का आकलन करने तथा संबंधित आवश्यकताओं को सीएसआर के माध्यम से पूरा कराते हुए ग्रामीणों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया.














