जमशेदपुर : झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन ने टाटा स्टील यूआइएसएल के सहयोग से 21 से 23 मार्च तक 17वां झारखंड राज्य युवा बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया. तीन दिवसीय इस चैंपियनशिप में झारखंड के 14 जिलों के 110 मुक्केबाज (80 पुरुष और 30 महिला) ने हिस्सा लिया. कुल 78 मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें युवा मुक्केबाजों ने अपने शानदार कौशल का प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)
समापन समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन थे. उनके साथ झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष उत्तम सिंह भी मौजूद रहे. मुख्य अतिथि राम दास सोरेन ने झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन और टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा राज्य में बॉक्सिंग को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेलों से अनुशासन, दृढ़ता और आत्मविश्वास का विकास होता है. (नीचे भी पढ़ें)
उत्तम सिंह ने झारखंड में खेलों को प्रोत्साहित करने और युवा प्रतिभाओं को निखारने में टाटा स्टील की प्रतिबद्धता को दोहराया. उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. यह चैंपियनशिप शानदार सफलता के साथ संपन्न हुई, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया. इस आयोजन ने झारखंड के मुक्केबाजों को एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया और राज्य की राष्ट्रीय मुक्केबाजी में बढ़ती उपस्थिति को मजबूत किया.















