जमशेदपुर : अंतरराष्ट्रीय योगगुरु एवं कदमा स्थित सरकार योगा एकेडमी के संस्थापक-निदेशक “योग सम्राट अंशु सरकार” ने योग जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्हें वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ योगासना स्पोर्ट्स (डब्ल्यू एफ वाई एस) का सर्वसम्मति से वर्ल्ड प्रेसिडेंट मनोनीत किया गया है. इस मनोनयन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जमशेदपुर और देश का मान बढ़ा है. अंशु सरकार पिछले 44 वर्षों से योग साधना, प्रशिक्षण एवं प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं. उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग को स्थापित करने, प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उनके अनुभव, समर्पण और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें यह वैश्विक जिम्मेदारी सौंपी गई है.(नीचे भी पढ़े)

ज्ञात हो कि योग के प्रति उनके योगदान के लिए टाटा स्टील के पूर्व चेयरमैन स्व. रतन टाटा भी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं. अंशु सरकार ने टाटा स्टील में 12 वर्षों तक सेवा देने के बाद योग के प्रति पूर्ण समर्पण के उद्देश्य से ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी. उनके मनोनयन पर शहर की विभिन्न सामाजिक एवं खेल संस्थाओं और शुभचिंतकों की ओर से बधाइयां दी जा रही हैं. अंशु सरकार का लक्ष्य योग को ओलंपिक खेलों में मान्यता दिलाना है. इसके लिए वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग प्रतियोगिताओं के आयोजन और प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर योग को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में कार्य करेंगे.















