चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के छोटानागरा में नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान आईईडी ब्लास्ट हो गया,जिसमें सुरक्षा बलों के दो जवान जख्मी हो गए. इसके बाद दोनों जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया. इसके बाद राज हास्पिटल में भर्ती कराया गया. जहां पर इलाज के दौरान घायल झारखंड जगुआर के सुनील धान की मौत हो गयी.जबकि कोबरा बटालियन के विष्णु सैनी का इलाज चल रहा है. विदित हो कि सारंडा में काफी संख्या में नक्सली कमांडर अपने दस्तों के साथ सक्रिय हैं. उन्होंने जगह-जगह आईईडी बिछा रखा है, जिस पर पैर पड़ते ही या हल्का प्रेशर बनते ही विस्फोट हो जाता है. (नीचे भी पढ़े)
इन विस्फोट में अब तक कई जवानों की जान जा चुकी है.लगभग हर दिन आईईडी बरामद किए जा रहे हैं. इस दौरान कई नक्सल डंप को भी ध्वस्त किया गया. सारंडा जंगल नक्सल प्रभावित क्षेत्र है. यहां नक्सली गतिविधियां होती रहती हैं. एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो समेत अन्य नक्सली अपने दस्ते के साथ सारंडा व कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि को अंजाम देने के लिए भ्रमणशील हैं. जिसको लेकर चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर व सीआरपीएफ की विभिन्न बटालियनों की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान चला रही है.



