जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके धालभूमगढ़ थाना अंतर्गत एनएच-18 रेलवे ओवर ब्रिज पर शनिवार देर रात हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए घाटशिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतक की पहचान घाटशिला चंदनपुर पंचायत के पिताझुड़ी गांव निवासी गौरव मुर्मू 24 के रूप में हुई है. वहीं, घायलों में मृतक का भाई रंजित मुर्मू और उनका एक साथी सुरेन शामिल है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घाटशिला के देवशोल गांव में रहने वाले गौरव के बहनोई के घर जा रहे थे. तभी उनकी बाइक को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी. घटना के बाद कार मौके से फरार हो गया, जबकि तीनों वहीं घायल अवस्था में पड़े रहे. कुछ राहगीरों ने उनकी मदद की और एम्बुलेंस से घाटशिला अस्पताल पहुंचाया.(नीचे भी पढ़े)
वहां से गौरव की हालत गंभीर होने पर एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां रस्ते में उसकी मौत हो गई. मृतक गौरव ठेका मजदूर था और शादीशुदा था. घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे जहां उनका रो-रो कर बुरा हाल है. उसका एक छोटा बच्चा भी है रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया.साथ ही शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.



