रामगोपाल जेना/चाईबासा : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो शाकिर के मार्गदर्शन में प सिंहभूम डालसा की ओर से मंगलवार को चाईबासा लुथेरन उच्च विद्यालय में एक दिवसीय पृथ्वी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह पृथ्वी दिवस “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” (आवर पावर, आवर प्लानेट) की थीम पर नवीकरणीय ऊर्जा और 2030 तक वैश्विक स्वच्छ बिजली उत्पादन को तीन गुणा करने पर केंद्रित है. इस साल दुनिया भर में 55वां पृथ्वी दिवस मनाया जा रहा है. इस खास दिन को मनाने के पीछे उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण की तरफ लोगों का ध्यान आकर्षित कर यह कोशिश करना है कि सभी लोग पृथ्वी को खुशहाल बनाये रखने में अपना योगदान करें. (नीचे भी पढ़ें)

क्यों मनाते हैं पर्यावरण दिवस? पीएलवी सूरज कुमार ठाकुर ने छात्रों को बताया कि आज जब दुनिया भर में प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और जंगलों की कटाई जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं तो पृथ्वी का महत्व और भी ज्यादा बढ़ जाता है. पर्यावरण दिवस को मनाने के पीछे उद्देश्य लोगों को पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं – जैसे हवा और प्रदूषित पानी, प्लास्टिक के कचरे एवं पेड़ों की कटाई के बारे में जागरूक करना है. यह दिन लोगों को बताता है कि उन्हें कैसे धरती को बचाने के लिए एक साथ मिलकर काम करना होगा. पृथ्वी पर जल संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण कर पृथ्वी का संरक्षण किया जा सकता है.



