जमशेदपुर : टाटा स्टील ने कंपनी के आइएल 3 और उससे ऊपर के अधिकारियों को मिलने वाले टाटा इंप्लाइज होलीडे पैकेज (टीइएचपी) में 50 फीसदी की कटौती करने के फैसले को वापस ले लिया है. वित्तीय वर्ष 2025-2026 और वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए यह कटौती की गयी थी. दो वित्तीय वर्ष तक कोई भी अधिकारी अपने रुम नाइट को पांच दिनों तक अपने बैंक में नहीं रख सकते थे. मंगलवार को टाटा स्टील की वीपी एचआरएम अतरई सान्याल की ओर से जारी किये गये सरकुलर के मुताबिक, टाटा इंप्लाइज होलीडे पैकेज रुम नाइट को 25 अप्रैल से बदलाव कर दिया गया है. इसके तहत कोई भी अधिकारी अधिकतम 25 दिनों तक का रुम नाइट को बैंक में रखा जा सकता है. एक वित्तीय वर्ष से दूसरे वित्तीय वर्ष में बैंक में जमा किये गये रुम नाइट को अधिकतम 10 ही एक वित्तीय वर्ष से दूसरे की ओर ट्रांसफर कर सकते है. वित्तीय वर्ष 2026-2027 के बाद जब रुम नाइट बैंक को फिर से कैरी फारवर्ड किया जायेगा तो अधिकारी एक साथ 15 नाइट रुम को कैरी फारवर्ड कर सकते है. उसके अतिरिक्त के सारे नाइट रुम को लैप्स कर दिया जायेगा. नाइट रुम को प्वाइंट एक साल में 4 ही रखा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
इस बार एक और बदलाव लागू किया गया है. इसके तहत रिटायरमेंट के पहले कोई अधिकारी रिटायरमेंट का बाद के लिए भी रुम बुक कर सकता है. शर्त यह रखी गयी है कि जो बुकिंग रिटायरमेंट के बाद की होगी, वह चालू वित्तीय वर्ष के लिए ही लागू होगी. फुल फाइनल सेटलमेंट के वक्त परक्विजिट टैक्स के साथ इसका एडजस्टमेंट कर दिया जायेगा. एक बार रिटायरमेंट के पहले जो बुकिंग हो गयी, वह बुकिंग में किसी तरह का बदलाव की इजाजत नहीं होगी. इस बार परिवार की परिभाषा को भी बदल दिया गया है. इसके तहत अधिकारी अपनी पत्नी, बच्चे, अभिभावक, सास, ससुर, बहन, भाई, शादीशुदा बच्चे और उनके पति या पत्नी, शादीशुदा बहन और भाई के साथ उनके पति या पत्नी, जीजा और दामाद को भी परिवार का ही हिस्सा माना जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा अधिकारी खुद, पत्नी, बच्चे, अभिभावक, सास व ससुर, बहन और भाई के अलावा केयरटेकर और सपोर्ट स्टाफ को भी ले जा सकते है. अगर होटलों में किसी तरह का असंवेदनशील हरकत की जाती है तो ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई भी की जायेगी. गौरतलब है कि टाटा स्टील में अधिकारियों को छुट्टी पर जाने के लिए पैकेज दिया जाता है. इस पैकेज में निश्चित रात का रुम भी दिया जाता है. अगर कोई अधिकारी रुम का इस्तेमाल नहीं कर पाता है तो उसको वह अपने निजी खाते में रख सकता है. इस नये बदलाव से अधिकारियों को बड़ी राहत मिली है. इसके अलावा मोबाइल हैंडसेट को खरीदने पर लगायी गयी पाबंदी को भी हटा दिया गया है. पुराने टेलीकॉम पॉलिसी के तहत अधिकारियों को मोबाइल की राशि मिला करेगी. यह नया बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. गौरतलब है कि टाटा स्टील में आइएल 2 से ऊपर के अधिकारियों की छुट्टी में कटौती कर दी गयी थी. इसके अलावा मोबाइल की सुविधाओं में भी कटौती कर दी थी. लेकिन अब इसको बदल दिया गया है.



