जमशेदपुर : ‘स्त्री राष्ट्र की आधार शक्ति’ की ओर से पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 4 मई को एक भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है. स्थानीय मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल सभागार में संध्या 5 बजे से आरंभ होनेवाले उक्त समारोह में मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक सह देवपुत्र बाल मासिक के संपादक डॉ विकास दुबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. नगर की सामाजिक कार्यकर्ता सह उत्कृष्ट शिक्षाविद् संगीता बेहरा समारोह की अध्यक्षता करेंगी. (नीचे भी पढ़ें)
संस्था ‘स्त्री राष्ट्र की आधार शक्ति’ की अध्यक्ष डॉ रागिनी भूषण ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उक्त जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्र सेविका समिति की प्रेरणा से उक्त समारोह आयोजित हो रहा है. उन्होंने बताया कि नगरवासियों को पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर के जीवन, कार्यों एवं उनके आदर्शों से परिचित कराने एवं उनके प्रेरक व्यक्तित्व से आम लोगों को प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित हो रहे उक्त समारोह में सभी जमशेदपुरवासियों को सपरिवार आमंत्रित किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई होल्कर के जीवन मूल्यों, सेवा, न्यायप्रियता, सदाचार और राष्ट्रभक्ति को जनमानस में पुनर्जागरित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यास की अध्यक्ष डॉ रागिनी भूषण, मंत्री मंजू सिंह, सुधा प्रजापति, चंचला सिन्हा, अनिता प्रसाद, प्रिया सिंह, अपर्णा सिंह, संध्या सिंह आदि न्यास की प्रमुख स्त्री शक्ति उपस्थित रहीं.














