जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान वाहन चालकों और आमजनों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने की अपील की गयी. अभियान के तहत लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के महत्व के बारे में बताया गया. साथ ही निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने के प्रति जागरूक किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान पैदल यात्रियों को सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने की सलाह दी गयी. अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जान-माल की क्षति को काफी हद तक कम किया जा सकता है. अभियान के दौरान वाहन चालकों के बीच 100 हेलमेट का वितरण भी किया गया. हेलमेट प्राप्त करने वाले वाहन चालकों को सुरक्षित वाहन परिचालन के लिए प्रेरित किया गया. जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके.












