जमशेदपुर : मानगो नदी में समता नगर की एक बच्ची के डूबने की दुखद घटना के बाद भाजपा उलीडीह मंडल ने नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई है. इस संबंध में मंडल के पदाधिकारियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मानगो नदी घाट पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञापन में कहा गया है कि नदी घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. विशेष कर कार्तिक पूर्णिमा सहित अन्य धार्मिक पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी में स्नान करने और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में घाट पर रोशनी की समुचित व्यवस्था और प्रशिक्षित गोताखोरों की मौजूदगी बेहद जरूरी है. (नीचे भी पढ़ें)
मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि हाल में बच्ची के नदी में डूबने की घटना बेहद दुखद है. भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिला प्रशासन को गंभीरता से पहल करनी चाहिए. उन्होंने जन हित और जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अविलंब आवश्यक कदम उठाने की मांग की. इस मौके पर मंडल महामंत्री राहुल कुमार, उपाध्यक्ष अभय मोहंती, मंत्री रवीन्द्र सिंह, राकेश प्रसाद, कार्यालय मंत्री प्रसेनजित महापात्र, अमित कुमार, अंकित कुमार, अनिल गुप्ता, सूरज प्रकाश, सम्राट घोष समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.












