जादूगोड़ा : जादूगोड़ा स्थित यूसिल जादूगोड़ा लेबर यूनियन कार्यालय में मुसाबनी कन्सेंट्रेट प्लांट के यूनियन नेता हेमराज कुमार व कार्यकारी अध्यक्ष इरफान ने इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडे से मुलाकात कर घाटशिला की गर्ग इंजीरियरिंग कंस्ट्रक्शन लिमिटेड द्वारा श्रम कानूनों का उल्लंघन किये जाने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है. इसी तरह की शिकायत सहायक श्रमायुक्त चाईबासा केंद्रीय कार्यालय को भी सौंपी है.(नीचे भी पढ़ें)
इधर प्रदेश इंटक अध्यक्ष राकेश्वर पांडे को सौपे ज्ञापन में कहा गया है कि हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड व आइसीसी की ठेका कम्पनी गर्ग इंजीरियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड ठेका मजदूरों की ग्रेच्युटी, कार्य के दौरान सुरक्षा के लिए पीपी किट, कंपनी परिसर में प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस तक की सुविधा नहीं देती है. ऐसे ही अन्य तरह की मिलने वाली सुविधाओं, मसलन मेडिकल, अर्जित आकस्मिक छुट्टी, यूनिफॉर्म, वॉशिंग भत्ता, मकान भत्ता, ईएसआइ से वंचित रखा है. रात्रि भत्ता के नाम पर फूटी कौड़ी भी मजदूरों को नहीं दी जाती, जबकि वर्ष 2021 से पूर्व सभी सुविधाएं मिलती थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि इन सुविधाओ से वंचित करने के लिए कंपनी प्रबंधन 11 महीने का टेंडर निकालता है ताकि मजदूरों को ये सुविधाएं नहीं देनी पड़े. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कंपनी प्रबंधन से मांग की कि टेंडर की समय सीमा 7 साल रखी जाए, ताकि कंपनी में खुलेआम श्रम कानूनों के हो रहे उल्लंघन को रोका जा सके. पत्र की प्रतिलिपि चाईबासा श्रमायुक्त, केंद्रीय मंत्री को भी भेजी गई है, ताकि श्रमायुक्त इस मामले में हस्तक्षेप कर कम्पनी प्रबंधन के संरक्षण में चल रहे श्रम कानूनों के उल्लंघन को रोकें.











