सरायकेला: सरायकेला थाना अंतर्गत सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर सीनी के समीप स्थित पेटुआ ढाबा के पास एक आर्टिका कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद कार का चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को रोड एंबुलेंस के माध्यम से सरायकेला सदर अस्पताल लाया, जहां से घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर रेफर कर दिया. समाचार लिखे जाने तक घायल बाइक सवार की पहचान नहीं हो पाई है. घटना रविवार की देर शाम लगभग 7. 20 बजे की है.(नीचे भी पढ़े)
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक अपनी पल्सर बाइक संख्या जेएच 06एम 2998 से कांड्रा की ओर जा रहा था. इसी क्रम में पेटुआ ढाबा के समीप विपरित दिशा से आ रही जेएच 05 डीएफ 6653 संख्या की एक आर्टिका कार ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर होने के बाद कार का चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं कार के आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है. घटना में बाइक सवार के चेहरे पर गहरी चोट आई है. वहीं एक पैर की हड्डी टूटकर बाहर आ गई है. चिकित्सकों ने बताया कि घायल की स्थिति गंभीर है.











