जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थानांतर्गत हलुदबनी के कोचाकुली बस्ती में कृष्ण सिंकू नामक व्यक्ति के घर में भाड़ेदार दीपक साहू उर्फ भगना के घर में छापामारी कर एक पिस्टल जब्त किया है. पुलिस ने इस संबंध में दीपक साहू उर्फ भगना एवं उसको पिस्टल बेचने वाले बागबेड़ा निवासी अजय कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. (नीचे बी पढ़ें)

जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने आज यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि परसुडीह थाना प्रभारी मो फैज अहमद को सोमवार सुबह 8:45 बजे गुप्त रूप से सूचना मिली कि परसुडीह थानांतर्गत हलुदबनी कोचाकुली निवासी कृष्ण सिंकू के किराये के मकान में रहनेवाले दीपक साहू उर्फ भगना ने अपने घर में अवैध रूप से आग्नेयास्त्र छुपा रखा है. इसके बाद थाना प्रभारी ने दल-बल के साथ उसके घर पर छापामारी की, जिसमें उसके घर के आलमीरा में छिपाकर रखा गया एक 7.65 एमएम की पिस्टल बरामद हुई. (नीचे बी पढ़ें)
पिस्टल के बारे में पूछे जाने पर उसने बताया कि करीब तीन माह पूर्व उसने हरहरगुट्टू के मुखिया छोटराइ मु्र्मू को जान से मारने के लिए बागबेड़ा डीबी रोड स्थित दुर्गाबाड़ी मैदान के पास रहनेवाले अपने मित्र अजय कुमार से 30 हजार रुपये में उक्त पिस्टल खरीदी थी. इसके बाद दीपक साहू उर्फ भगना की निशादेही पर अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया. अजय ने भी पुलिस के समक्ष 30 हजार रुपये में दीपक साहू को पिस्टल बेचने की बात कबूल की. पुलिस ने इसके बाद विधिवत् जब्ती सूची तैयार करते हुए उसे चालान कर दिया गया. सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों में से अजय कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है.











