जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भालुबोसा जोड़ा मंदिर रोड निवासी नवनीत कुमार के घर में देर रात चोरों ने धावा बोलते हुए करीब 1.50 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. घटना उस समय घटी जब घर के सदस्य किसी कार्यवश बाहर गए हुए थे. चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नगद समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने इसकी लिखित शिकायत सीतारामडेरा थाने में दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद जब परिवार के सदस्यों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो उसमें तीन अज्ञात युवकों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दर्ज मिलीं. सीसीटीवी फुटेज में चोरों को घर के अंदर अलग-अलग कमरों में तलाशी लेते देखा जा सकता है. परिवार की ओर से यह फुटेज पुलिस को सौंप दी गयी है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.











